
हैदराबाद में फूड फ्रॉड का बड़ा मामला सामने आया है। क्राइम टीम, सेंट्रल क्राइम स्टेशन (CCS) और H-FAST ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी होटलों में मटन बताकर बीफ की सप्लाई कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उस्मान मीट शॉप के मालिक मोहम्मद उस्मान और अयान बीफ शॉप के कर्मचारी मोहम्मद जहांगीर पाशा के रूप में हुई है। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने करीब 50 किलो संदिग्ध मांस जब्त किया, जिसमें बीफ मिला होने की बात सामने आई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें स्थानीय थाने के हवाले कर दिया है। फिलहाल पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच की जा रही है।

इससे पहले भी 19 जून को H-FAST ने चारमीनार इलाके में एक अवैध फास्ट फूड गोदाम पर छापा मारकर 110 किलो मिलावटी खाद्य सामग्री, इस्तेमाल किया हुआ कुकिंग ऑयल और प्रतिबंधित कृत्रिम फूड कलर्स जब्त किए थे। जांच में कई गंभीर खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन मिले थे, जिसके बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई थी।






