
नई दिल्ली। मशहूर गायक सोनू निगम इन दिनों गंभीर दर्द से जूझ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद अपने प्रशंसकों के लिए लगातार स्टेज पर परफॉर्म कर रहे हैं। सिंगर ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी सेहत से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए बताया कि उनकी गर्दन की नस दब गई है, जिसके कारण उन्हें पिछले एक सप्ताह से काफी तकलीफ हो रही है।

सोनू निगम ने एक वीडियो शेयर कर अपनी स्थिति के बारे में बताया। वीडियो में वह गर्दन और कंधे पर मेडिकल सपोर्ट लगाकर परफॉर्मेंस की तैयारी करते नजर आए। उन्होंने कहा, “मेरी नस में इंजरी बढ़ गई है। मैं पिछले एक हफ्ते से इस दर्द को झेल रहा हूं। भगवान मुझे स्टेज पर परफॉर्म करने की शक्ति दें।”

दर्द के बावजूद सोनू निगम ने अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट को प्राथमिकता दी और स्टेज पर लाइव परफॉर्मेंस भी दी। वीडियो में उन्हें दर्शकों के सामने गाते हुए देखा जा सकता है। उनकी इस लगन और समर्पण की फैंस जमकर सराहना कर रहे हैं।

इससे पहले भी सोनू निगम ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर अपनी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि नस दबने की समस्या के बाद उनकी कई मेडिकल जांचें कराई गई हैं, जिनमें MRI और CT स्कैन शामिल हैं। सिंगर ने कहा, “पिछले एक हफ्ते से मैं लगातार जांच और इलाज करा रहा हूं। साथ ही कई दवाइयां भी ले रहा हूं।”

वीडियो में सोनू निगम ने अपने कंधे पर लगा मेडिकल पैच भी दिखाया। हालांकि दर्द और इलाज के दौर से गुजरने के बावजूद उन्होंने अपने काम और दर्शकों के प्रति समर्पण बनाए रखा है, जिसकी फैंस खूब तारीफ कर रहे हैं।







