
ग्वालियर। शहर के थाटीपुर क्षेत्र में 250 रुपये के भुगतान को लेकर हुआ विवाद खौफनाक घटना में बदल गया। पेट्रोल बेचने वाले एक युवक पर तीन युवकों ने पहले बेरहमी से हमला किया और फिर उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसा युवक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। जानकारी के अनुसार, हजीरा थाना क्षेत्र की पीएचई कॉलोनी निवासी आकाश सेंगर थाटीपुर चौराहे स्थित ऑटो स्टैंड पर काम करता है और जरूरत पड़ने पर बोतलों में पेट्रोल भी उपलब्ध कराता है। मंगलवार देर रात करीब 12 बजे अनुल उर्फ बली अपने साथियों सचिन गुर्जर और अरविंद छावई के साथ बाइक से वहां पहुंचा और पेट्रोल मांगा।

आकाश ने उन्हें पेट्रोल की बोतल दे दी, लेकिन जब उसने 250 रुपये मांगे तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि युवक केवल 100 रुपये देने की बात पर अड़ गए, जिसके बाद कहासुनी बढ़ गई और मारपीट शुरू हो गई।इसी दौरान आरोपितों ने आकाश पर पेट्रोल उड़ेल दिया और जलती हुई माचिस की तीली फेंक दी। कुछ ही पलों में वह आग की लपटों में घिर गया। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।डॉक्टरों के अनुसार, आकाश करीब 60 प्रतिशत तक झुलस चुका है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दो आरोपितों सचिन गुर्जर और अरविंद छावई को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।






