
उत्तराखंड से चारधाम यात्रा को लेकर इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। भारी बारिश और जगह-जगह हुए भूस्खलन को देखते हुए चारधाम यात्रा को दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंगलवार और बुधवार को यात्रा पर रोक रहेगी। गढ़वाल मंडल के आयुक्त के मुताबिक, चारधाम यात्रा के रास्तों पर कई जगह भूस्खलन के कारण मार्ग बाधित हुए हैं। वहीं, मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आज और कल यात्रा स्थगित करने का फैसला लिया गया है।

प्रशासन ने साफ किया है कि मौसम के हालात सामान्य होने और यात्रा मार्ग सुरक्षित होने के बाद चारधाम यात्रा दोबारा शुरू कर दी जाएगी। यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे मौसम और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। बता दें कि चारधाम यात्रा की शुरुआत आमतौर पर हरिद्वार या ऋषिकेश से होती है। इस धार्मिक यात्रा में श्रद्धालु उत्तराखंड के चार प्रमुख धाम—यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ के दर्शन करते हैं। चारधाम यात्रा का संचालन आमतौर पर गर्मियों में शुरू होता है और मौसम की स्थिति के आधार पर यात्रा का सिलसिला जारी रहता है। सर्दियों में भारी बर्फबारी के कारण चारों धामों के कपाट बंद कर दिए जाते हैं। फिलहाल भारी बारिश और भूस्खलन के चलते यात्रा पर दो दिन का ब्रेक लगाया गया है।






