
बिलासपुर : – कोतवाली थाना क्षेत्र के दयालबंद में शनिवार को पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक के बिजली के टावर पर चढ़ जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। युवक को टावर पर देखकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। करीब दो घंटे तक स्थानीय लोगों ने उससे बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे आने के लिए समझाया।

जानकारी के मुताबिक दयालबंद में रहने वाले 32 वर्षीय कुंदन केसरी का किसी बात को लेकर अपने भाई से विवाद हो गया था। इसके बाद वह घर से निकल गया और नदी किनारे गुरुनानक स्कूल के पास पहुंच गया। कुछ देर बाद लोगों ने उसे बिजली के टावर पर देखा। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। युवक को शांत करने और नीचे उतारने के लिए लगातार बातचीत का प्रयास किया गया, लेकिन वह काफी देर तक नीचे आने के लिए तैयार नहीं हुआ।

करीब दो घंटे बाद मोहल्ले के दो युवकों ने कुंदन से बातचीत कर उसे भरोसे में लिया, जिसके बाद वह सुरक्षित नीचे आ गया। युवक के नीचे उतरते ही लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस उसे थाने लेकर गई, जहां घटना और भाई से हुए विवाद को लेकर पूछताछ की गई। बाद में उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।







