
दिल्ली : – राजधानी में 16 वर्षीय छात्रा के साथ चलती स्लीपर बस में दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार घटना 4 अगस्त की है, जबकि मामले की जानकारी 31 अगस्त को सामने आई। छात्रा ग्रेटर नोएडा के परी चौक से बस में सवार हुई थी और बाद में उसे कश्मीरी गेट के पास उतार दिया गया। पुलिस का कहना है कि इस दौरान बस करीब 47 किलोमीटर तक चली। मामले में बस चालक कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, छात्रा उत्तर प्रदेश के मैनपुरी की रहने वाली और 11वीं कक्षा की छात्रा है। पारिवारिक विवाद के बाद वह बिना बताए नोएडा में अपने रिश्तेदार के घर जाने के लिए निकली थी। भारी बारिश और अंधेरे के कारण वह परी चौक पर उतर गई, जहां नोएडा जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान खाली स्लीपर बस वहां से गुजरी। छात्रा के इशारा करने पर चालक और कंडक्टर ने उसे बस में बैठा लिया और नोएडा जाने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने उसके साथ अपराध किया और उसे धमकी दी।

घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बस की पहचान के लिए रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और बस के रूट को ट्रैक किया। जांच के आधार पर दोनों आरोपियों को तिमारपुर की बस पार्किंग से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बस को भी जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस के शीशों पर पर्दे लगे थे। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






