
रायपुर : – छत्तीसगढ़ में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के मामलों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 10 नए मरीज सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 115 हो गई है। एक्टिव केस भी 18 से बढ़कर 28 हो गए हैं। संक्रमण के नए मामले अब रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर के साथ कुछ अन्य जिलों में भी सामने आ रहे हैं, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है।

राजधानी रायपुर में तीन नए मरीज मिलने के बाद कुल केस 54 हो गए हैं, जबकि 9 मरीजों का उपचार चल रहा है। दुर्ग में भी तीन नए संक्रमित मिले हैं और यहां कुल मामलों की संख्या 13 पहुंच गई है। बिलासपुर में अब तक 13 मामले सामने आ चुके हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बिलासपुर के सिम्स में आइसोलेशन बेड और वेंटिलेटर की व्यवस्था तैयार रखी गई है। वहीं अस्पतालों में मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से फ्लू जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की है। बुखार, खांसी, गले में खराश, बदन दर्द, कमजोरी या सांस लेने में परेशानी होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने को कहा गया है। खासतौर पर बुजुर्गों, छोटे बच्चों और पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों को अधिक सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बालोदाबाजार-भाटापारा, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और कांकेर में भी मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग ने इन क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है।







