
रायपुर के नकटी गांव में बेदखली की कार्रवाई को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बीच सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रशासन की कार्रवाई पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि रात के अंधेरे में लोगों के घरों पर तोड़फोड़ करना पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि उनसे बातचीत के बाद भी कार्रवाई की गई, जो किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं है। दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।सांसद ने दोहराया कि नकटी गांव के लोगों को बेदखल नहीं किया जाना चाहिए और उनकी समस्याओं का मानवीय आधार पर समाधान निकाला जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील मामले में वह पहले भी ग्रामीणों के पक्ष में थे और आगे भी अपनी बात उचित मंच पर रखते रहेंगे।

दरअसल, माना इलाके के नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी के लिए प्रशासन ने करीब 80 मकानों पर बुलडोजर चलाया, जिनमें प्रधानमंत्री और इंदिरा आवास योजना के कई घर भी शामिल थे। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में मकान नहीं तोड़े जाने का आश्वासन मिलने के बावजूद प्रशासन ने कार्रवाई कर दी, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।






