पुणे : - पुणे से गुवाहाटी के लिए उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद इंडिगो का एक विमान तकनीकी खराबी का शिकार हो गया। विमान का लैंडिंग गियर उड़ान भरने के बाद अंदर नहीं जा सका और पहिए बाहर ही अटके रह गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचना दी और विमान को वापस पुणे लाने का फैसला किया। विमान में यात्रियों और क्रू मेंबर्स समेत कुल 192 लोग सवार थे। सूचना मिलते ही पुणे एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। दमकल की गाड़ियां, एंबुलेंस और बचाव दलों को किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए तैनात कर दिया गया।
एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 0623 को सुरक्षित उतारने से पहले रनवे के ऊपर कम ऊंचाई पर उड़ाया गया, ताकि लैंडिंग गियर की स्थिति की जांच की जा सके। इसके बाद सुबह 9:04 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। दमकल की तीन गाड़ियों और दो एंबुलेंस की निगरानी में विमान को बे नंबर-7 तक पहुंचाया गया। सभी 192 यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित रहे तथा किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। सुबह 9:10 बजे स्थिति सामान्य होने के बाद इमरजेंसी हटा दी गई। यात्रियों को उनके गंतव्य गुवाहाटी पहुंचाने के लिए इंडिगो दूसरे विमान की व्यवस्था कर रही थी। गौरतलब है कि लैंडिंग गियर विमान के पहिए और उनसे जुड़ा सिस्टम होता है, जो उड़ान के दौरान अंदर चला जाता है और लैंडिंग से पहले बाहर निकलता है। इसके बाहर ही अटके रहने से उड़ान में जोखिम और ईंधन की खपत बढ़ सकती है। भारत में इससे पहले भी लैंडिंग गियर में खराबी के कारण कई विमानों को बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा है।

टिप्पणियाँ (0)