यमन के हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि सऊदी अरब ने लाल सागर में 14 भारतीय नागरिकों को ले जा रहे एक जहाज पर हमला किया। हूतियों के मुताबिक, यह घटना यमन के जुकर द्वीप के पास हुई, जिसके बाद यमन की सेना ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और जहाज पर सवार सभी 14 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया। इस दावे के सामने आने के बाद लाल सागर में सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हूतियों ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से सऊदी अरब की कथित कार्रवाई रोकने की अपील भी की है। हालांकि, जहाज पर हमले और भारतीय नागरिकों के रेस्क्यू को लेकर अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। सऊदी अरब की ओर से भी इस आरोप पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

इस बीच, सऊदी अरब में हुए दूसरे हमलों के बाद भारतीय नागरिकों की सुरक्षा का मुद्दा भी गंभीर हो गया है। भारतीय दूतावास ने जानकारी दी है कि दम्माम के किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हुई, जबकि दो अन्य भारतीय घायल हुए हैं। वहीं, शेबाह ऑयल फील्ड के पास ड्रोन का मलबा गिरने से लगी आग में नेपाल और फिलीपींस के नागरिकों की जान चली गई, जबकि एक भारतीय और एक पाकिस्तानी नागरिक घायल हुए। हालात को देखते हुए भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीयों से सतर्क रहने, स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने और हवाई हमलों के दौरान सुरक्षित जगहों पर रहने की अपील की है। साथ ही हमले वाली जगहों और ड्रोन को रोकने की कार्रवाई से जुड़े वीडियो या तस्वीरें साझा नहीं करने की सलाह दी गई है। फिलहाल, लाल सागर में जहाज पर हमले के दावे की पुष्टि और घटना से जुड़ी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।