छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के साथ ही बारिश की रफ्तार थमने लगी है और अब गर्मी-उमस लोगों को परेशान करने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इसके बाद कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो राजनांदगांव में प्रदेश का सबसे अधिक 36 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक है।
वहीं, रायपुर में आज यानी 10 अक्टूबर को मौसम साफ रहने की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दूसरी ओर, पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। फिलहाल मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है। आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां कम रहने के बीच तापमान और उमस का असर बना रह सकता है।
टिप्पणियाँ (0)