रायपुर : - छत्तीसगढ़ में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के आगमन को लेकर तैयारियां पूरी की जा रही हैं। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान राष्ट्रपति गुरुवार को रायपुर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगी। लोक भवन में पूज्य माता हासी देवी की स्मृति में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया जाएगा। इसके बाद शाम 4 बजे बुढ़ापारा के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में नुवाखाई पर्व के तहत आयोजित सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति रहेगी। आयोजन में करीब चार हजार युवाओं के शामिल होने का अनुमान है। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित जनप्रतिनिधि और मंत्रिमंडल के सदस्य भी मौजूद रहेंगे। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर राजधानी में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं और लोक भवन के आसपास पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है।

बस्तर दशहरा के प्रमुख आयोजन में शामिल होंगी राष्ट्रपति: रायपुर प्रवास के बाद राष्ट्रपति शुक्रवार को जगदलपुर जाएंगी। यहां वे सुबह मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी और दोपहर 12:45 बजे बस्तर की विशिष्ट परंपरा मुरिया दरबार में हिस्सा लेंगी। इस दौरान सार्वजनिक कार्यक्रम भी आयोजित होगा। राष्ट्रपति के स्वागत और कार्यक्रमों के सुचारु संचालन के लिए प्रशासन तैयारियों में जुटा है। वन मंत्री केदार कश्यप ने लालबाग मैदान का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ मंच, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात और आम लोगों की सुविधाओं की समीक्षा की। साथ ही सभी जरूरी इंतजाम तय समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।