बागपत : - उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के जौहड़ी गांव में 80 वर्षीय बलजोर ने एक ऐसी पहल की है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है। उन्होंने अपनी मौत के बाद होने वाली तेरहवीं का इंतजार करने के बजाय जीते-जी ही इस रस्म को पूरा करने का फैसला किया है। रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 900 लोगों के शामिल होने की तैयारी है। सुबह हवन और दोपहर में सामूहिक भोज रखा गया है। घर में हलवाई पकवान बनाने में जुटे हैं और आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।


बलजोर के परिवार में बेटा नहीं है, उनकी एक बेटी पिंकी है, जिसकी शादी सरूरपुर कलां गांव में हुई है। बलजोर नहीं चाहते कि उनके निधन के बाद बेटी को तेरहवीं के आयोजन का आर्थिक बोझ उठाना पड़े। इसी वजह से उन्होंने अपनी जिंदगी में ही समाज के लोगों को भोज कराने का निर्णय लिया। कार्यक्रम में उन्हें पगड़ी बांधी जाएगी, जिसे वह अपने नाती मुकुल को सौंपेंगे। फूलमाला भी किसी तस्वीर पर नहीं, बल्कि खुद बलजोर के गले में डाली जाएगी। उनका यह फैसला परंपरागत मृत्युभोज से अलग एक अनोखी पहल के रूप में चर्चा में है।