इंदौर : - मशहूर पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच आयोजकों ने कार्यक्रम तय तारीख पर कराने की तैयारी जारी रखी है। रविवार, 15 नवंबर को इंदौर बायपास स्थित C-21 एस्टेट में होने वाले इस मेगा शो के लिए अब तक 7.17 करोड़ रुपये के टिकट बिकने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, पिछले कुछ दिनों में कॉन्सर्ट को लेकर कई जगह बम धमाके की धमकियां मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। आयोजन स्थल पर 500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। दूसरी ओर, शो रद्द होने की अटकलों पर दिलजीत ने खुद सामने आकर साफ कर दिया है कि वह इंदौर जरूर पहुंचेंगे। उन्होंने इंस्टाग्राम लाइव में कहा कि वह 101 प्रतिशत इंदौर आएंगे और यहां पहुंचकर सबसे पहले मशहूर इंदौरी पोहा खाएंगे।

धमकी भरे ईमेल से बढ़ी सतर्कता, जांच में जुटी साइबर टीम: कॉन्सर्ट से जुड़े बम धमाके के धमकी भरे ईमेल इंदौर के महापौर सचिवालय, तीन निजी स्कूलों और मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर बेंच को मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस और क्राइम ब्रांच की शुरुआती जांच में इन ईमेल को फर्जी बताया गया है। जांच में एक ईमेल देवास के युवक का अकाउंट हैक कर अमेरिकी VPN के इस्तेमाल से भेजे जाने की बात सामने आई है। बम निरोधक दस्ते ने संबंधित स्थानों पर तलाशी भी ली, हालांकि कोई विस्फोटक नहीं मिला। प्रशासन ने कॉन्सर्ट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने के साथ दिलजीत के चार गानों को भी कार्यक्रम की सूची से बाहर रखने के निर्देश दिए हैं। ये गाने शराब, ड्रग्स और हिंसा से जुड़े संदर्भों के कारण हटाए गए हैं। करीब चार लाख वर्गफीट में फैले आयोजन स्थल पर होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं।