बिलासपुर : - छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक पोते ने नशे की हालत में अपने ही दादा की पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी आए दिन अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। उसकी मारपीट से परेशान होकर पत्नी दो दिन पहले अपने एक बच्चे को लेकर घर छोड़कर चली गई थी। जब पोता घर लौटा और उसे पत्नी व बच्चा नहीं मिले, तो वह गुस्से से आगबबूला हो गया। पत्नी के घर छोड़ने का गुस्सा आरोपी ने अपने बुजुर्ग दादा पंचराम चंद्राकर पर उतार दिया। उसने दादा के साथ मारपीट शुरू कर दी और उन्हें बुरी तरह पीट दिया। गंभीर चोट लगने से दादा की मौत हो गई। घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरा के छूहिया पारा की है। आरोपी की पहचान तुलाराम चंद्राकर उर्फ मनोज चंद्राकर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी पोते को गिरफ्तार कर लिया है।