लखनऊ : - उत्तर प्रदेश की राजधानी में शनिवार को वकीलों का गुस्सा सड़कों पर नजर आया। अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में वकील आंदोलन पर उतर आए। कैसरबाग कोर्ट से शुरू हुआ विरोध मार्च हजरतगंज पहुंचा तो माहौल और गरमा गया। विधानसभा की ओर बढ़ रहे अधिवक्ताओं ने रास्ते में लगाए गए पुलिस के बैरियर और लोहे की जालियां हटा दीं। कई प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पर चढ़कर आगे बढ़ते नजर आए। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए पूरी ताकत लगाई, लेकिन प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए और आगे बढ़ते हुए विधानसभा तक पहुंच गए।
आखिर वकीलों को किस बात का डर है और सरकार से क्या चाहते हैं? दरअसल, अधिवक्ताओं की मांग है कि प्रदेश में उनके पेशे और व्यक्तिगत सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू किया जाए। उनका कहना है कि वकीलों की सुरक्षा के लिए अलग से कानूनी प्रावधान जरूरी हैं।
इस आंदोलन को प्रदेश के कई अधिवक्ता संगठनों का समर्थन भी मिला। प्रदर्शन के मद्देनजर हजरतगंज से विधानसभा मार्ग तक भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने में जुटे रहे, लेकिन अधिवक्ता अपनी मांग पर डटे रहे। अब देखना होगा कि इस आंदोलन के बाद सरकार की ओर से क्या कदम उठाया जाता है।

टिप्पणियाँ (0)