कोरबा : - छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में होटल के खाने की गुणवत्ता को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। कटघोरा स्थित मुरली होटल में ग्राहकों को नाश्ते के दौरान परोसे गए सांभर में कीड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। एक ग्राहक ने इसका वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। खाने में कीड़ा देखकर ग्राहक भड़क उठे और कई लोग अपना नाश्ता बीच में ही छोड़कर होटल से बाहर निकल गए। मामला सामने आते ही खाद्य सुरक्षा विभाग हरकत में आया और जांच के बाद मुरली होटल को आगामी आदेश तक सील कर दिया।
वीडियो ने खोली पोल, जांच में मिलीं कई खामियां: घटना की सूचना पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत के नेतृत्व में विभागीय टीम होटल पहुंची। यहां निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई में गंभीर अनियमितताएं और खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के नियमों का उल्लंघन पाया गया। इसके बाद विभाग ने होटल के क्रय-विक्रय पर प्रतिबंध लगाते हुए उसे सील कर दिया। वहीं, सांभर का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट से खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। इस घटना ने एक बार फिर होटल और रेस्टोरेंट में परोसे जा रहे खाने की स्वच्छता और गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

टिप्पणियाँ (0)