रायपुर : - राजधानी के मरीन ड्राइव में चोरों ने एक हाई-प्रोफाइल चोरी को अंजाम देकर पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। तेलीबांधा तालाब के सामने स्थित अधिकृत iNext Apple स्टोर को निशाना बनाकर चोर करीब 1.89 करोड़ रुपये के महंगे गैजेट्स लेकर फरार हो गए। वारदात का तरीका भी चौंकाने वाला है। आरोपियों ने दुकान का शटर बीच से मोड़कर रास्ता बनाया और अंदर रखे 173 आईफोन समेत स्मार्ट वॉच और हेडफोन पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान की कीमत FIR के मुताबिक 1,88,97,942 रुपये बताई गई है। सबसे ज्यादा निशाना iPhone 17 मॉडल पर रहा, जिसके 132 फोन चोरी हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, स्टोर संचालक 31 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे दुकान बंद कर गए थे। अगले दिन 1 नवंबर की सुबह 8:30 बजे मैनेजर स्वप्नशील सोनी ने शटर मुड़ा हुआ देखकर संचालक को सूचना दी। दुकान के भीतर जांच करने पर लाखों-करोड़ों के गैजेट्स गायब मिले। इतना ही नहीं, चोर दुकान में लगा CCTV कैमरे का DVR भी उखाड़कर ले गए, ताकि वारदात से जुड़े रिकॉर्ड उनके हाथ न लगें। घटना की शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों और सड़कों पर लगे दूसरे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।

टिप्पणियाँ (0)