असम : - असम के काजीरंगा में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मिनी बस के परखच्चे उड़ गए और कई यात्री अंदर ही फंस गए। इस दुर्घटना में 23 लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है, हालांकि मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शुरुआती तौर पर 12 मौतों की पुष्टि की है। मृतकों में ज्यादातर छात्र बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव दल को बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए वाहन का हिस्सा काटना पड़ा। घायलों को कोहोरा मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मिनी बस बोकाखाट से नगांव की ओर जा रही थी। गोलाघाट के एसएसपी स्वप्ननील डेका ने बताया कि शुरुआती जांच में बस की तेज रफ्तार सामने आई है। आशंका है कि चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से सीधी भिड़ंत हो गई। फिलहाल बस में सवार यात्रियों की कुल संख्या और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। गौरतलब है कि असम में सड़क हादसों का खतरा लगातार गंभीर बना हुआ है। केंद्र सरकार के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2020 से 2024 के बीच राज्य में सड़क दुर्घटनाओं में 15,306 लोगों की जान जा चुकी है।

टिप्पणियाँ (0)