इंफाल : - मणिपुर में हिंसा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। उखरुल जिले में शुक्रवार को हथियारबंद संदिग्ध उग्रवादियों ने दो चारपहिया वाहनों को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस हमले में दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, वारदात इंफाल-उखरुल मार्ग पर स्थित 'न्यू हेवन' इलाके में हुई। दोनों वाहनों में सवार लोग हमले से संभल पाते, उससे पहले ही हमलावरों ने गोलियों की बौछार कर दी। गोली लगने से दो पुरुषों और दो महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटनास्थल पर खड़ी दोनों कारों की विंडशील्ड पर गोलियों के निशान हमले की भयावहता बयां कर रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
इस घटना से पहले कांगपोकपी जिले के तापहोउ कुकी गांव और पड़ोसी सेनापति जिले के कैलेजंग के आसपास भी दो विरोधी गुटों के बीच गोलीबारी हुई थी। इस संघर्ष में 42 वर्षीय एक कुकी महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दो पुरुष घायल हुए थे। गौरतलब है कि मणिपुर मई 2023 से मैतेई और कुकी समुदायों के बीच जातीय हिंसा की चपेट में है। इस संघर्ष में अब तक कम से कम 306 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 49 लोग लापता हैं और हजारों लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है। वहीं, इसी साल फरवरी से पहाड़ी जिलों में कुकी और नागा समुदायों के बीच हुई झड़पों में भी कम से कम 50 लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रही हिंसक घटनाओं ने राज्य में सुरक्षा और शांति बहाली को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

टिप्पणियाँ (0)