नई दिल्ली : - हिंदी और बंगाली सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री मौसमी चटर्जी के परिवार से दुखद खबर सामने आई है। अभिनेत्री के पति जयंत मुखर्जी का 13 नवंबर को निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे थे। उनके निधन की पुष्टि फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के बीएन तिवारी ने समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में की है। जयंत मुखर्जी भले ही फिल्मी दुनिया में अपनी पत्नी की तरह सुर्खियों में नहीं रहे, लेकिन फिल्म और टेलीविजन के क्षेत्र में उनका भी अहम योगदान रहा। उन्होंने 1975 में रिलीज हुई फिल्म 'मजाक' और 1979 की फिल्म 'दो लड़के दोनों कड़के' के निर्माण से जुड़कर काम किया था। इसके अलावा 1992 के टीवी सीरियल 'तलाश' से भी उनका जुड़ाव रहा।
जयंत मुखर्जी का संबंध संगीत की एक प्रतिष्ठित विरासत से भी था। वह मशहूर गायक और संगीतकार हेमंत कुमार के बेटे थे। मौसमी चटर्जी और जयंत मुखर्जी ने पांच दशक से अधिक समय तक साथ निभाया। खास बात यह है कि मौसमी ने महज 15 साल की उम्र में शादी कर ली थी और इसके बाद भी उन्होंने अभिनय की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई। इस दंपती की दो बेटियां पायल और मेघा हैं। हालांकि, परिवार को 2019 में उस वक्त बड़ा सदमा लगा था, जब उनकी बड़ी बेटी पायल का निधन हो गया था। मौसमी चटर्जी ने बंगाली फिल्म 'बालिका वधू' से अभिनय की शुरुआत की और आगे चलकर हिंदी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्रियों में शामिल हुईं। उन्होंने बंगाली और हिंदी फिल्मों के साथ राजनीति में भी अपनी पहचान बनाई।

टिप्पणियाँ (0)