जालंधर : - मशहूर रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पंजाब के जालंधर में रविवार, 1 नवंबर की तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में उनके रिश्तेदार विदित ओलक (दिवित) और उनके दोस्त आरव तलवार की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा पुलिस लाइंस इलाके के पास फ्लाईओवर पर करीब सुबह 3 बजे हुआ। दोनों युवक जन्मदिन की पार्टी से वोक्सवैगन कार में सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बीएमसी चौक से बीएसएफ चौक की ओर जाते समय तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क सफाई के लिए खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार की छत तक उखड़ गई और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों में विदित ओलक पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री की चर्चित कंपनी स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश ओलक के बेटे थे, जबकि आरव तलवार जालंधर के प्रसिद्ध पप्पी स्वीट्स कारोबारी के बेटे बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, हादसे से पहले कार में पांच दोस्त सवार थे, लेकिन तीन युवक रास्ते में ही उतरकर अपने घर चले गए थे।
दुर्घटना के वक्त कार में केवल विदित और आरव मौजूद थे। घटना की खबर सामने आने के बाद हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर अपना दर्द बयां किया। उन्होंने लिखा कि यह दशक उनके लिए अंधकार और दुखों से भरा रहा है। अपने भतीजे को खोने का सदमा उनके लिए बेहद विनाशकारी और असहनीय है। इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में शोक की लहर है और पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में भी मातम पसरा हुआ है।

टिप्पणियाँ (0)