दिल्ली के सीमापुरी में चार मंजिला इमारत गिरने के हादसे में मौतों का आंकड़ा बढ़कर चार हो गया है। गुरुवार सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मलबे से एक और शव बरामद किया गया, जिसके बाद मृतकों की संख्या चार पहुंच गई। बुधवार दोपहर ई-ब्लॉक इलाके में अचानक इमारत ढह गई थी। हादसे के बाद मौके पर पहुंची राहत टीमों ने मलबे में फंसे लोगों की तलाश शुरू की। अब तक सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि आठ घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतकों में एक चार महीने की गर्भवती महिला और दो बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद से दमकल विभाग, एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। संकरी गलियों के कारण भारी मशीनरी को घटनास्थल तक पहुंचाने में दिक्कत आई, लेकिन कई बुलडोजर और एंबुलेंस की मदद से मलबा हटाने का काम जारी है। प्रशासन की निगरानी में बचाव दल मलबे के हर हिस्से की जांच कर रहे हैं, ताकि अगर कोई व्यक्ति अंदर फंसा हो तो उसे जल्द बाहर निकाला जा सके। वहीं, इमारत अचानक क्यों गिरी, इसकी जांच भी शुरू कर दी गई है।
टिप्पणियाँ (0)