रायपुर : - छत्तीसगढ़ में पटवारी और तहसीलदारों का जलवा देखते ही बन रहा है। तस्दीक की जाती है कि प्रशासन के इन दोनों महत्वपूर्ण पदों पर कमाई का ग्राफ कलेक्टर साहब की आमदनी से 500 गुना ज्यादा है। लिहाजा जलवे भी होटल और रेस्टोरेंट से बाहर की ओर उछाल मार रहे है। एक ताजा मामले में अभनपुर के नायब तहसीलदार विपिन पटेल का बीच सड़क पर मनाया गया बर्थडे सोशल मीडिया में वायरल है। यातायात और आवागमन से बेपरवाह तहसीलदार साहब ने सड़क पर ही केक काटा, आतिशबाजी की और सलमान खान के गाने पर फ़िल्मी रील भी बनाई गई।
बर्थडे का जलवा बिखेरता वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में नजर आ रहा है कि सड़क पर खड़ी गाड़ी में नायब तहसीलदार पूरी बेफ़िक्री के साथ केक काट रहे है, आतिशबाजी हो रही है, बॉलीवुड सॉन्ग ‘ओ-ओ जाने जाना’ गाने पर वीडियो भी बनाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ पुलिस एवं हाईकोर्ट ने सड़कों पर बर्थडे सेलिब्रेशन, स्टंट और यातायात बाधित करने के मामलों में सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद लगातार इस तरह के वीडियो सामने आने से लोग सोशल मीडिया में हैरानी जता रहे है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और पुलिस को कड़ी चेतावनी देते हुए ऐसे मामलों में दोषियों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने तक की कार्रवाई के निर्देश दिए थे। कोर्ट ने राज्य सरकार और पुलिस को इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश जारी किये थे।
जानकारी के मुताबिक गाड़ी नंबर CG-04-NY-1910 के पास नायब तहसीलदार साहब गाड़ी की डिक्की खोलते नजर आ रहे हैं, डिक्की में केक और ‘हैप्पी बर्थडे’ का टैग भी दिखाई दे रहा है, इसके बाद जश्न की शुरुआत होती है, नायब तहसीलदार केक काटते हैं, आतिशबाजी शुरू हो जाती है। इस दौरान वीडियो में एक युवक आतिशबाजी सेट करता नजर आ रहा है। फ़िलहाल वीडियो वायरल है, इसे देखकर यूजर्स कई तरह की प्रतिक्रियाएं जाहिर कर रहे है।
देखें वीडियो : - सड़क पर फिर कटा केक, आतिशबाजी और रील, इस बार नायब तहसीलदार ने बर्थ -डे पर बिखेरा जलवा, पुलिस का इंतजार ?

टिप्पणियाँ (0)