जगदलपुर : - राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन 23 अक्टूबर को बस्तर के ऐतिहासिक जगदलपुर दौरे पर हैं। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा के प्रमुख आयोजनों में शामिल मुरिया दरबार में राष्ट्रपति की मौजूदगी इस दौरे का खास आकर्षण है। अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रपति मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी और आदिवासी समाज की पारंपरिक व्यवस्था के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को सुनेंगी। इसके बाद वे लालबाग मैदान में आयोजित बस्तर दशहरा प्रदर्शनी का अवलोकन करने के साथ आमसभा को भी संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति के इस दौरे को बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और जनजातीय समाज से संवाद के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। एयरपोर्ट, मां दंतेश्वरी मंदिर, सिरहासार भवन और लालबाग मैदान सहित प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा कारणों से निर्धारित क्षेत्रों में ड्रोन उड़ाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। गौरतलब है कि मुरिया दरबार बस्तर की ऐतिहासिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जहां आदिवासी समाज के मांझी-चालकी अपने क्षेत्र की समस्याएं और सामुदायिक मुद्दे सामने रखते हैं। इसे बस्तर के जनजातीय समाज की पारंपरिक जनसभा के रूप में भी देखा जाता है। राष्ट्रपति की इस आयोजन में भागीदारी से बस्तर की सांस्कृतिक विरासत और आदिवासी समाज की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष महत्व मिलने की उम्मीद है।