छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशहाल परिवारों में मातम पसार दिया। केल्हारी थाना क्षेत्र के सेमरमथानी मोड़, पहाड़ हंसवाही के पास यात्रियों से भरी एक मिनी बस अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 40 यात्री घायल हो गए। इस दुर्घटना की सबसे दर्दनाक बात यह रही कि जान गंवाने वालों में गर्भ में पल रहा एक शिशु भी शामिल है। मृतकों में बस मालिक सिपाही लाल के अलावा पंचराम (70 वर्ष), मधु, नेहा, संगीता और सुकरन (80 वर्ष) के नाम सामने आए हैं। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

आखिर कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा? शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ढलान और घुमावदार मोड़ पर बस का स्टीयरिंग या ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह के मुताबिक, मिनी बस में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्री सवार थे।

हादसे में घायल करीब 20 लोगों की हालत गंभीर बताई गई है, जिनमें से 15 को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज और चिरमिरी जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार मनेंद्रगढ़ सिविल अस्पताल में जारी है। घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख जताया है। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। अब पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।