रायपुर के पंडरी स्थित तरुण नगर लोधीपारा में तीन साल के मासूम के साथ कथित बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्चे के सौतेले पिता ने उसके साथ मारपीट की, जबकि मां पर बच्चे को बचाने के लिए कदम नहीं उठाने का आरोप है। मामले का खुलासा तब हुआ, जब छह साल की बच्ची ने मोहल्ले के लोगों को अपने छोटे भाई के साथ हुई घटना के बारे में बताया। इसके बाद स्थानीय लोग सिविल लाइन थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, बच्चे के शरीर पर चोट के निशान हैं, एक हाथ पर प्लास्टर चढ़ा है और बाईं आंख में सूजन भी है। बच्चे के साथ पहले भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।

मामले में पुलिस ने बच्चे की मां अन्नू देवी और सौतेले पिता राजा के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2) व 3(5) के तहत FIR दर्ज की है। बस्ती के लोगों ने बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराने, उसे बाल कल्याण समिति के सामने पेश करने और सुरक्षित माहौल में रखने की मांग की है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। बच्चे को लगी चोटों और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता मेडिकल रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।