गरियाबंद : - छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने नक्सलियों की छिपाई गई नकदी बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। मैनपुर थाना क्षेत्र के राजाडेरा जंगल में जमीन के भीतर छिपाकर रखे गए 21 लाख रुपये पुलिस ने बरामद किए हैं। इस मामले में दो पूर्व महिला नक्सलियों सिंगे उर्फ रोशनी और बुधरी मुचाकी उर्फ सोनी के साथ उनके सहयोगी नोहर मरकाम को गिरफ्तार किया गया है। दोनों महिला आरोपी पहले नक्सली संगठन में सक्रिय थीं और बाद में सरेंडर कर चुकी थीं।

पुलिस के मुताबिक, बरामद रकम वर्ष 2024 में नक्सली कमांडर चलपति द्वारा ठेकेदारों और आम लोगों से कथित तौर पर वसूली गई थी। इसे राजाडेरा जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया था। गिरफ्तार आरोपियों में सिंगे उर्फ रोशनी चलपति की पूर्व गार्ड, जबकि बुधरी मुचाकी उर्फ सोनी सीनापाली दलम की पूर्व कमांडर बताई गई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने नकदी के अलावा एक काला बैग, टिफिन, तीन मोबाइल फोन और एक बाइक भी जब्त की है। पुलिस अब इस रकम के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जांच कर रही है।