काठमांडू : नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र में एक बड़ा हवाई हादसा सामने आया है। सोलुखुंबु जिले के फेरीचे हेलीपैड पर लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल बताया जा रहा है। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों हेलीकॉप्टरों के बीच टक्कर होते हुए दिखाई दे रही है। घटना के वक्त आसपास कई लोग मौजूद थे।
नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, फिस्टेल एयर और डायनेस्टी एयर के हेलीकॉप्टर फेरीचे हेलीपैड पर उतर रहे थे। इसी दौरान दोनों हेलीकॉप्टरों के रोटर ब्लेड आपस में टकरा गए। प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेन्द्र भुल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जानकारी में हेलीकॉप्टरों के पंखों के टकराने की बात सामने आई है।दुर्घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें हेलीकॉप्टरों की टक्कर के दौरान घटनास्थल के पास लोगों की मौजूदगी भी दिखाई दे रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों और नुकसान को लेकर विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
