बलौदाबाजार : - दीपावली की खुशियों और धनतेरस की खरीदारी के बीच बलौदाबाजार जिले से एक ऐसी दर्दनाक खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। त्योहार के लिए पैसे निकालकर अपने बच्चों के साथ घर लौट रहे एक पिता की खुशियां रास्ते में ही मातम में बदल गईं। रवान गांव के पास मंसा चौक पर तेज रफ्तार कोयले से लदे ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि 39 वर्षीय रामचंद्र ध्रुव, उनकी 16 वर्षीय बेटी निहारिका और 12 वर्षीय बेटे टोमेश की मौके पर ही मौत हो गई।


जानकारी के मुताबिक, ग्राम खैरताल निवासी रामचंद्र ध्रुव अपने दोनों बच्चों के साथ बलौदाबाजार आए थे। वे पोस्ट ऑफिस से पैसे निकालने और दीपावली की खरीदारी के बाद बाइक से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के रवान मुख्य मार्ग पर मंसा चौक के पास कोयले से भरे ट्रक क्रमांक CG08 AX 6011 ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। जिस घर में दीपावली की तैयारियां होनी थीं, वहां अब तीन मौतों से मातम पसरा हुआ है।