
आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पेट्रोल में 20 फीसदी इथेनॉल मिश्रण (E20) की नीति के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मुद्दे पर हस्तक्षेप कर समाधान निकालने की मांग की है। केजरीवाल ने घोषणा की कि 1 अगस्त को दिल्ली में ‘नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट E20’ का आयोजन किया जाएगा। उनका कहना है कि इस कार्यक्रम में विशेषज्ञ, वाहन मालिक और आम नागरिक E20 से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। उन्होंने दावा किया कि E20 की वजह से लोगों की गाड़ियों पर असर पड़ रहा है और माइलेज भी प्रभावित हो रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केजरीवाल ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि अब E20 के मुद्दे का भी समाधान किया जाना चाहिए। केजरीवाल ने बताया कि E20 नीति के विरोध में शुरू की गई ऑनलाइन पिटीशन पर 2 लाख से अधिक लोगों का समर्थन मिल चुका है। उन्होंने कहा कि इन हस्ताक्षरों के साथ वह अगले सप्ताह प्रधानमंत्री आवास जाकर ज्ञापन सौंपने की भी कोशिश करेंगे। AAP का कहना है कि यह अभियान फिलहाल शुरुआत है और आगे की रणनीति पर भी काम किया जाएगा।







