
नेपाल में 26 अगस्त को आई विनाशकारी बाढ़ के बाद 11वें दिन भी राहत और बचाव अभियान जारी है। शनिवार को रेस्क्यू टीम ने दो अलग-अलग जगहों पर फंसी दो जिंदगियों को सुरक्षित बाहर निकाला। नुवाकोट में 64 वर्षीय चण्डिका श्रेष्ठ को उनके घर की चौथी मंजिल से रेस्क्यू किया गया, जबकि अपर त्रिशूली-1 जलविद्युत परियोजना की सुरंग से एक चीनी नागरिक को भी सुरक्षित निकाला गया।

नुवाकोट के विदुर वेत्रावती इलाके में सशस्त्र पुलिस बल की टीम ने चण्डिका श्रेष्ठ को उनके घर से बाहर निकाला। महिला की हालत खराब बताई जा रही है, जिसके चलते उन्हें हेलीकॉप्टर से इलाज के लिए काठमांडू ले जाया जा रहा है। वहीं, 216 मेगावाट की अपर त्रिशूली-1 परियोजना की एडिट-4 सुरंग में फंसे चीनी नागरिक को नेपाली सेना और दक्षिण कोरिया की आपदा विशेषज्ञ टीम ने रेस्क्यू किया। बाहर निकालने के बाद उन्हें इलाज के लिए त्रिशूली स्थित मैथिली बैरक ले जाया गया।

नेपाल में आई इस भीषण आपदा में अब तक 1,344 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 5 हजार से ज्यादा लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। ऐसे हालात में 11वें दिन दो लोगों को जिंदा बचाया जाना राहत और बचाव अभियान के लिए बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू टीमें लगातार मलबे और बाढ़ से प्रभावित जगहों पर तलाश अभियान चला रही हैं।





