
रायपुर : – गणेश चतुर्थी के दिन प्रतिबंध के बावजूद चिकन की बिक्री करना गेलेक्सी फूड सेंटर के संचालक को महंगा पड़ गया। नगर निगम की टीम ने जोन-9 के कुशाभाऊ ठाकरे वार्ड स्थित दुकान पर छापा मारकर 2 हजार रुपए का ई-जुर्माना लगाया। इसके बाद दुकान को तत्काल बंद करा दिया गया। निगम की इस कार्रवाई से प्रतिबंधित दिनों में मांस-मटन बेचने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

मांस-मटन की बिक्री पर रोक के आदेश के तहत निगम का स्वास्थ्य विभाग शहर में लगातार निगरानी कर रहा है। इसी दौरान निरीक्षण के दौरान गेलेक्सी फूड सेंटर में चिकन बेचे जाने की पुष्टि हुई। जोन कमिश्नर राकेश शर्मा के निर्देश पर स्वास्थ्य अधिकारी अमित बेहरा और स्वच्छता निरीक्षक भोला तिवारी की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। निगम ने संचालक को दोबारा नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। नगर निगम के मुताबिक, गणेश चतुर्थी सहित पांच प्रमुख पर्वों पर रायपुर में मांस-मटन की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी। प्रशासन ने सभी संबंधित दुकानदारों को आदेश का पालन करने के निर्देश दिए हैं। प्रतिबंध के दौरान बिक्री करते पकड़े जाने पर जुर्माने के साथ दुकान बंद कराने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।



