
ऑपरेशन सिंदूर को लेकर रक्षा मंत्रालय की वर्ष 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट में अहम जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय वायुसेना के S-400 एयर डिफेंस सिस्टम ने सीमा पार करीब 314 किलोमीटर दूर पाकिस्तानी वायुसेना के एक विशेष मिशन वाले विमान को निशाना बनाया था। इस कार्रवाई को लंबी दूरी से किए गए महत्वपूर्ण एयर डिफेंस ऑपरेशनों में शामिल किया जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय रडार नेटवर्क ने खतरे को ट्रैक किया और इसके बाद एयर डिफेंस सिस्टम ने कार्रवाई की।
चार दिनों तक चले ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय वायुसेना ने स्वदेशी इंटीग्रेटेड एयर कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम (IACCS) का भी इस्तेमाल किया। इस नेटवर्क के जरिए अलग-अलग निगरानी और कमांड प्रणालियों को आपस में जोड़ा गया, जिससे हवाई खतरों पर नजर रखने और एयर डिफेंस ऑपरेशन को बेहतर तरीके से संचालित करने में मदद मिली। इसी दौरान पाकिस्तान के चकलाला, रहीम यार खान, सुक्कुर, मुरीद, सरगोधा, जैकोबाबाद और भोलारी में मौजूद सैन्य ठिकानों, रडार और कमांड सेंटरों को भी निशाना बनाए जाने की जानकारी रिपोर्ट में दी गई है।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि सैन्य कार्रवाई के दौरान पाकिस्तान ने अपना नागरिक हवाई क्षेत्र खुला रखा था, जबकि भारत ने असैन्य विमानों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी और किसी नागरिक विमान को नुकसान नहीं पहुंचने दिया। ऑपरेशन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदमपुर एयरफोर्स स्टेशन पहुंचकर वायुसेना के जवानों की सराहना की थी। ऑपरेशन में योगदान के लिए भारतीय वायुसेना के कर्मियों को 219 राष्ट्रपति वीरता पुरस्कार दिए जाने की जानकारी भी रिपोर्ट में सामने आई है।




