
मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर से प्रेम-प्रसंग का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। अहियापुर थाना क्षेत्र के अब्दुल नगर गांव में एक युवक देर रात चोरी-छिपे अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई और उन्होंने युवक को पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों और लड़की के परिजनों ने दोनों की शादी कराने का फैसला कर लिया। शादी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि युवक और युवती के बीच करीब छह महीने से प्रेम संबंध था। दोनों लगातार फोन पर बातचीत करते थे और युवक पहले भी कई बार युवती से मिलने उसके घर आ चुका था। इस बार रात में उसके पहुंचते ही ग्रामीणों को जानकारी हो गई। युवक के पकड़े जाने के बाद घर में ही शादी की तैयारियां शुरू हो गईं। महिलाओं ने पारंपरिक विवाह गीत गाए और ग्रामीणों की मौजूदगी में युवक ने युवती की मांग में सिंदूर भर दिया। देखते ही देखते दोनों की शादी संपन्न हो गई।

शादी की जानकारी मिलने के बाद युवक के परिजन भी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद की स्थिति बन गई। मामला बढ़ता देख पुलिस को सूचना दी गई। डायल-112 की टीम समेत पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक शादी हो चुकी थी। पुलिस दोनों को थाने ले गई, जहां पूछताछ की गई। युवती ने बताया कि दोनों लंबे समय से संपर्क में हैं और युवक उसे अपने साथ रखने के लिए तैयार है, हालांकि उसके परिवार वाले इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे। पूछताछ में दोनों ने साथ रहने की इच्छा जताई। इसके बाद परिजनों की सहमति और स्थानीय जनप्रतिनिधि की मौजूदगी में दोनों को पीआर बांड पर छोड़ दिया गया।







