
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार ने महिलाओं को लेकर बड़ा ऐलान किया है। सरकार की योजना के मुताबिक प्रदेश की करीब 1 करोड़ महिलाओं को एक-एक लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह रकम आजीविका मिशन के तहत बिना ब्याज के उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे महिलाएं स्वरोजगार और छोटे कारोबार को आगे बढ़ा सकेंगी।

सरकार के प्रस्ताव के अनुसार, ₹1 लाख की राशि तीन चरणों में दी जाएगी। पहली किश्त के तौर पर 20 हजार रुपये, दूसरी किश्त में 30 हजार और तीसरी किश्त में 50 हजार रुपये दिए जाने की बात कही गई है। इसके साथ ही महिला उद्यमी क्रेडिट योजना, स्वयं सहायता समूह, लखपति दीदी, मिशन शक्ति और कन्या सुमंगला जैसी योजनाओं के जरिए भी महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।

विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं को लेकर सरकार की योजनाओं को राजनीतिक तौर पर भी अहम माना जा रहा है। हालांकि, यूपी विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 22 मई 2027 को समाप्त होगा और चुनाव की आधिकारिक तारीखों का ऐलान निर्वाचन आयोग करेगा। ऐसे में महिलाओं के लिए घोषित यह आर्थिक सहायता योजना आने वाले समय में चुनावी माहौल में एक बड़ा मुद्दा बन सकती है।




