
अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाका करने के लिए तैयार है। दोनों जल्द ही प्रियदर्शन की अपकमिंग एक्शन क्राइम-थ्रिलर फिल्म ‘हैवान’ में नजर आएंगे। फिल्म की अनाउंसमेंट के बाद से ही इसे लेकर फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिल रही है। अब मेकर्स ने फिल्म से अक्षय कुमार और सैफ अली खान के इंटेंस और खौफनाक लुक जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही ‘हैवान’ के टीजर की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया गया है। ‘हैवान’ से सामने आए पोस्टर्स में अक्षय कुमार और सैफ अली खान का बिल्कुल अलग और इंटेंस अंदाज देखने को मिल रहा है। पहले पोस्टर में अक्षय कुमार धुंधले कांच के पीछे नजर आ रहे हैं। उनके हाथ में एक बड़ा चाकू दिखाई दे रहा है, जबकि चेहरे पर बेहद गंभीर एक्सप्रेशन हैं। उनका लुक फिल्म में एक खतरनाक किरदार की झलक दे रहा है। वहीं, दूसरे पोस्टर में सैफ अली खान कांच के पीछे से झांकते नजर आ रहे हैं। उनका एक हाथ कांच पर रखा है और चेहरे पर गंभीर भाव दिखाई दे रहे हैं। दाढ़ी-मूंछों में सैफ का ये इंटेंस लुक भी काफी दमदार लग रहा है। दोनों पोस्टर्स ने फिल्म को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है। अक्षय कुमार ने फिल्म के पोस्टर्स शेयर करते हुए टीजर की रिलीज डेट का भी ऐलान किया है। उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘बदला ही मेरा मकसद है… उसकी ताकत ही उसका हथियार है… आप किसके साथ हैं? हीरो या हैवान? टीजर कल होगा रिलीज।’यानी फैंस को अब ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा। ‘हैवान’ का टीजर 12 अगस्त को रिलीज होने जा रहा है।

कब रिलीज होगी ‘हैवान’?
प्रियदर्शन के डायरेक्शन में बनी ‘हैवान’ को केवीएन प्रोडक्शंस और थेस्पियन फिल्म्स के बैनर तले वेंकट के. नारायण और शैलजा देसाई फेन ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान के अलावा बोमन ईरानी, सैयामी खेर और श्रिया पिलगांवकर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी को एक अलग और इंटेंस अंदाज में देखने के लिए फैंस काफी एक्साइटेड हैं। फिल्म के पोस्टर्स ने इसकी कहानी और किरदारों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में अब सभी की नजरें ‘हैवान’ के टीजर पर टिकी हैं। 12 अगस्त को टीजर रिलीज होने के बाद फिल्म को लेकर तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।






