
रायपुर: राजधानी रायपुर में भाजपा के कांग्रेस मुख्यालय घेराव को लेकर सियासत तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तीखी प्रतिक्रिया दी।भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि घेराव के नाम पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय पर हमला किया। उन्होंने कहा कि इस दौरान भाजपा के मंत्री भी शामिल थे और लोकतांत्रिक व संवैधानिक मर्यादाओं की अनदेखी की गई।

बघेल के मुताबिक, भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय और पार्टी कार्यकर्ताओं पर पथराव किया। पुलिस ने पानी की बौछारें छोड़ीं और कार्रवाई भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ की। उन्होंने दावा किया कि इस घटना में कई कांग्रेस कार्यकर्ता और कुछ पत्रकार घायल हुए, जबकि एफआईआर भी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दर्ज की गई। पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि यह हमला पुलिस के संरक्षण में सुनियोजित तरीके से किया गया। साथ ही उन्होंने पुलिस अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे निष्पक्षता बनाए रखें। बघेल ने कहा, “भाजपा से तो हम निपट लेंगे, लेकिन छत्तीसगढ़ पुलिस के अधिकारी ध्यान रखें, भाजपा कुछ ही महीनों की मेहमान है, फिर मिलेंगे।”





