लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी के बाद हाई अलर्ट, मुंबई पुलिस को आया कॉल, दिल्ली में जांच तेज

दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में आए एक अज्ञात कॉल के जरिए धमकी दी गई, जिसके बाद सूचना तत्काल दिल्ली पुलिस को भेजी गई। हालांकि, गहन जांच के बाद यह कॉल फर्जी (हॉक्स) निकली।

मुंबई पुलिस से अलर्ट मिलते ही दिल्ली पुलिस और उत्तरी जिला पुलिस ने लाल किले के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी। बम निरोधक दस्ता और सुरक्षा कर्मियों ने पूरे परिसर की सघन तलाशी ली, लेकिन जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस लेते हुए धमकी को फर्जी करार दिया। यह पहली बार नहीं है जब राजधानी के किसी संवेदनशील स्थल को बम से उड़ाने की धमकी मिली हो। इससे पहले भी अदालतों, सरकारी इमारतों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को ऐसे धमकी भरे ईमेल और कॉल मिल चुके हैं। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और कॉल करने वाले की पहचान करने में जुटी हैं।

About The Author