
नई दिल्ली। अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर एक्शन-कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। रिलीज के बाद फिल्म को दर्शकों से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला है, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसकी शुरुआत अक्षय कुमार की पिछली कुछ फिल्मों की तुलना में बेहतर नजर आ रही है। इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन भारत में 15.25 करोड़ रुपये की कमाई की। वहीं पेड प्रिव्यू से इसे 3.75 करोड़ रुपये मिले। इस तरह पहले दिन का कुल कलेक्शन 19 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

अब दूसरे दिन के शुरुआती आंकड़े भी सामने आने लगे हैं। वीकेंड का फायदा फिल्म को मिलता दिखाई दे रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, दूसरे दिन फिल्म ने करीब 15.26 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की है। इसके साथ भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 34.26 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। हालांकि अंतिम आंकड़ों में बदलाव संभव माना जा रहा है। ट्रेड अनुमान के मुताबिक दूसरे दिन की कमाई 16 से 18 करोड़ रुपये के बीच पहुंच सकती है।

वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने 29 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है और आने वाले दिनों में इसके और बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। अहमद खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी नीरज वोरा ने लिखी है। फिल्म को फिरोज़ नाडियाडवाला, राकेश डांग और वेदांत विकास बाली ने बेस इंडस्ट्रीज ग्रुप, केप ऑफ गुड फिल्म्स और सीता फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। स्टारकास्ट की बात करें तो फिल्म में अक्षय कुमार डबल रोल में नजर आ रहे हैं। उनके साथ सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडीज, रवीना टंडन, लारा दत्ता, अरशद वारसी, परेश रावल, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, आफताब शिवदासानी और जैकी श्रॉफ जैसे कई बड़े कलाकार दिखाई दे रहे हैं। अब सभी की नजरें वीकेंड कलेक्शन पर टिकी हैं, जहां फिल्म अपनी कमाई को और मजबूत करने की कोशिश करेगी।





