
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नकरोड़–हिमगिरि डैम साइड सड़क पर एक ऑल्टो के10 कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, एचपी44ए-0494 नंबर की कार दुर्घटनाग्रस्त होकर नीचे जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि सभी लोग एक शादी समारोह से लौट रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। इसके बाद पुलिस और अन्य बचाव दल को सूचना दी गई। पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि एसएचओ तीसा के नेतृत्व में पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। टीम घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को बाहर निकालने, पहचान और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।






