
सोनभद्र : – उत्तर प्रदेश के सोनभद्र स्थित एनटीपीसी रिहंद टाउनशिप में मूसलाधार बारिश के बाद कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया। हालात बिगड़ने पर एक ही परिवार के सात लोग पानी के बीच फंस गए। सूचना मिलते ही CISF फायर विंग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और करीब तीन बच्चों समेत पूरे परिवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू किए गए सभी लोगों को एंबुलेंस से एनटीपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद सभी स्वस्थ पाए गए।
जानकारी के मुताबिक, एनटीपीसी के वरिष्ठ प्रबंधक धर्मेंद्र गिरी ने CISF को परिवार के पानी में फंसे होने की सूचना दी थी। इसके बाद सहायक कमांडेंट फायर आलोक कुमार चौधरी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम और वाटर टेंडर को मौके पर भेजा गया। टीम ने अभियान चलाकर दो पुरुषों, दो महिलाओं और तीन बच्चों समेत सभी सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एनटीपीसी और CISF के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।






