छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, रायपुर समेत 30 जिलों में बारिश का अलर्ट; 40 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं …

रायपुर: छत्तीसगढ़ में कुछ दिनों की राहत के बाद एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने के आसार हैं। रविवार को प्रदेश के कई इलाकों में बारिश के बाद मौसम विभाग ने 21 सितंबर को रायपुर समेत करीब 30 जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, वहीं कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। बिजली गिरने और आंधी की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा मौसम का सिस्टम आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों को और बढ़ा सकता है। बंगाल की खाड़ी और उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने के दौरान 21 सितंबर को डिप्रेशन और 22 सितंबर तक डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना जताई गई है। इसका असर छत्तीसगढ़ समेत आसपास के क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है। पिछले 24 घंटों में बालोद में 70 मिमी, कवर्धा और कांकेर में 60-60 मिमी, सुकमा में 50 मिमी तथा जगदलपुर, मल्हारकोटा और अंबिकापुर में करीब 40 मिमी बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में भी बादल और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। सोमवार को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है और तापमान करीब 33 डिग्री अधिकतम तथा 23 डिग्री न्यूनतम के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक 25 और 26 सितंबर को भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में अगले कई दिनों तक प्रदेश में मौसम सक्रिय रहने के आसार हैं।

About The Author