
अंबिकापुर : – बलरामपुर जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। राजपुर-कुसमी मुख्य मार्ग पर सेवारी हायर सेकेंडरी स्कूल के पास बॉक्साइट से लदे ट्रक और मजदूरों से भरी पिकअप की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप सवार तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पिकअप में चालक समेत कुल 11 मजदूर सवार थे।

बताया जा रहा है कि सभी मजदूर प्रतापपुर क्षेत्र के रहने वाले थे और काम के सिलसिले में शंकरगढ़ की ओर जा रहे थे। रात करीब दो बजे सेवारी स्कूल के पास तेज रफ्तार बॉक्साइट ट्रक ने सामने से आ रही पिकअप को टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस हादसे की वजह तेज रफ्तार को मान रही है।

घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सभी सात घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया। मृतकों के शव राजपुर अस्पताल में रखे गए हैं।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान और अन्य जानकारी स्वजन के पहुंचने के बाद स्पष्ट होगी। दोनों वाहनों को जब्त कर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की जांच जारी है।







