
अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार को एक पटाखा फैक्टरी में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में कई लोगों के हताहत होने की आशंका है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के साथ राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। यह हादसा अहमदाबाद के रामोल-गात्राड रोड स्थित मेहमदपुरा इलाके की टैलेंट फायरक्रैकर फैक्टरी में हुआ। बताया जा रहा है कि तेज धमाके के बाद फैक्टरी में आग तेजी से फैल गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, कम से कम 10 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और राहत कार्य लगातार जारी है।






