
भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में पढ़ाई कर रही एक छात्रा से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि चाय की टपरी पर दोस्तों के साथ बैठी छात्रा के पास पहुंचे एक युवक ने उसका गला पकड़कर जबरन गाल पर किस कर दिया। विरोध करने पर छात्रा की सहेली से भी मारपीट की गई। घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से बालोद जिले की रहने वाली है और स्मृति नगर में रहकर पढ़ाई करती है। उसने शिकायत में बताया कि 31 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे वह मॉडल टाउन स्थित शनि मंदिर के पास एक चाय की टपरी पर दोस्तों के साथ बैठी थी। इसी दौरान हेमंत छत्री नामक युवक वहां पहुंचा और कथित तौर पर उसका गला पकड़कर जबरन गाल पर किस कर दिया। बचने की कोशिश में छात्रा कुर्सी से नीचे गिर गई। शोर सुनकर जब छात्रा के दोस्त और सहेली बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी ने सहेली के साथ भी मारपीट कर दी, जिससे उसके सिर और नाक पर चोट आई। इसके बाद आरोपी भागने लगा, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने हेमंत छत्री के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। एएसपी मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



