
देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने की तैयारी में है। दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने से इसका प्रभाव राजस्थान के साथ-साथ कई दूसरे राज्यों में भी दिखाई दे सकता है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अगले कुछ घंटों में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत करीब 20 राज्यों में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने समुद्र में जाने वाले मछुआरों के लिए भी सावधानी बरतने की सलाह जारी की है। खासकर अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वोत्तर अरब सागर और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में न जाने की हिदायत दी गई है। तेज हवाओं के दौरान लोगों को पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है, क्योंकि हवा के दबाव से पेड़ों की शाखाएं टूटकर गिर सकती हैं।इधर, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में भी तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। ओडिशा और बंगाल से लगे इलाकों में मौसम खराब होने की आशंका है। वहीं असम और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय होने से भारी बारिश के आसार बने हुए हैं।

इन 20 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक कल यानी 17 सितंबर को देश के 20 राज्यों दिल्ली, बिहार, यूपी, महाराष्ट्र, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, गुजरात, ओडिशा, पंजाब, असम, त्रिपुरा, नागालैंड, केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में मूसलाधार बारिश हो सकती है






