
रायपुर : – राजधानी में एक युवती के साथ कथित छेड़छाड़ के बाद मामला इतना बढ़ गया कि उस पर जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोप है कि छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक ने युवती पर पेट्रोल उड़ेल दिया और आग लगा दी। आग से बुरी तरह झुलसी युवती को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना माना थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, युवती के साथ वीरू धीवर द्वारा छेड़छाड़ किए जाने का आरोप है। युवती ने जब इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने पेट्रोल डालकर उसे आग के हवाले कर दिया। युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और झुलसी युवती को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया है। माना थाना पुलिस ने आरोपी वीरू धीवर के खिलाफ छेड़छाड़ और हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। वारदात के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर पुलिस टीम दबिश दे रही है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। इसके साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत कैसे हुई और घटना के बाद आरोपी किस रास्ते से फरार हुआ। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।





