
Ganesh Chaturthi 2026: देशभर में गणेश चतुर्थी का पर्व धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। घरों, सोसायटियों और बड़े-बड़े सार्वजनिक पंडालों में भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित कर भक्तों ने बप्पा का स्वागत किया। अलग-अलग शहरों में इस बार गणपति की प्रतिमाओं से लेकर पंडालों की सजावट तक में खास रचनात्मकता देखने को मिल रही है। मुंबई में गणेशोत्सव का उत्साह एक बार फिर चरम पर नजर आ रहा है।

प्रसिद्ध लालबागचा राजा की पहली झलक सामने आने के बाद भक्तों में खासा उत्साह है। वहीं खेतवाड़ी में करीब 41 फीट ऊंची गणपति प्रतिमा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मुंबई के अलावा हैदराबाद में भी गणेशोत्सव की भव्य तैयारियां देखने को मिल रही हैं। नागोल में 72 फीट ऊंची इको-फ्रेंडली प्रतिमा तैयार की गई है, जिसे बंगाल और तेलंगाना के कलाकारों ने प्राकृतिक सामग्री से बनाया है।

हैदराबाद के उप्पुगुड़ा स्थित ललिता बाग में गणपति प्रतिमा के जरिए ‘विकसित भारत 2047’ की परिकल्पना को दर्शाया गया है। दूसरी ओर पश्चिम बंगाल में गणेशोत्सव को स्थानीय मुद्दों और बदलाव की थीम से जोड़ा गया है। कोलकाता की एक सोसायटी में ‘परिवर्तन’ थीम के जरिए बंगाल में हुए बदलाव को दर्शाने की कोशिश की गई है। वहीं उत्तर 24 परगना के पानीहाटी में मंत्री दिलीप घोष ने गणेश पूजा समारोह का उद्घाटन किया, जहां स्थापित विशाल गणपति प्रतिमा श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।






