
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसके बारे में जानकर आपके भी होश उड़ाने वाले हैं। जवानी के दिनों में एक युवती से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी करीब 40 साल बाद पुलिस के हाथ लगा। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने उससे पुराने मामले के बारे में पूछताछ की तो आरोपी ने कहा कि उसे याद ही नहीं है कि उसने किस युवती के साथ छेड़छाड़ की थी। आरोपी की उम्र अब 64 साल हो चुकी है। इससे इतना तो साफ है कि अपने अच्छे या बुरे हर कर्म का फल उसे जरूर मिलता है, भले ही उसका परिणाम मिलने में समय लगे।मोघट रोड पुलिस के अनुसार साल 1986 में अशोक कुमार पिता पॉपसिंग उर्फ पप्पू, निवासी संजय नगर के खिलाफ एक महिला ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया था। उस समय अशोक की उम्र करीब 24 वर्ष थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। बाद में उसे जमानत मिल गई, लेकिन इसके बाद वह न्यायालय में होने वाली पेशियों पर नहीं पहुंचा। लगातार पेशी से गैरहाजिर रहने के कारण न्यायालय ने उसके खिलाफ स्थाई वारंट जारी किया था। इसके बाद मोघट रोड पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस ने जब उसके पुराने ठिकानों पर तलाश की तो पता चला कि जलेबी चौक पर उसकी कटिंग की दुकान थी, लेकिन वह बंद मिली। इसके बाद संजय नगर स्थित उसके घर पर भी पुलिस पहुंची, जहां ताला लगा हुआ था। इसी दौरान टीआई विकास खिंची और हेड कांस्टेबल रफीक खान को मुखबिर से सूचना मिली कि अशोक कुमार बस स्टैंड के पास संचालित गन्ने की चरखी की दुकान में रहता है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम वहां पहुंची और अशोक को पकड़ लिया। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार अपराध के समय अशोक करीब 24 साल का था। 40 साल बाद उसकी उम्र 64 वर्ष हो चुकी है। इतने लंबे समय में उसका चेहरा और हुलिया भी काफी बदल गया था। हालांकि, पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना और परिजनों से की गई जानकारी के आधार पर उसकी पहचान की पुष्टि की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस से कहा कि उसे पुराना मामला याद नहीं है। उसने यह भी कहा कि उसे याद नहीं आ रहा कि उसने किस युवती के साथ छेड़छाड़ की थी। पुलिस के अनुसार आरोपी को भूलने की समस्या भी है।






